झारखंड के लाख राशन कार्डधारियों को हर महीने मिलेगी चना दाल, सरकार ने शुरू की आपूर्ति की तैयारी
झारखंड के 66.92 लाख राशन कार्डधारी परिवारों को हर महीने एक किलो चना दाल देने की तैयारी शुरू हो गई है.

JHVP BHARAT NEWS/ DAILY UPDATE
JHARKHAND NEWS / RANCHI
EDITED BY: PARWEZ ALAM
रांची (RANCHI): झारखंड के लाखों गरीब और जरूरतमंद परिवारों की थाली में अब हर महीने चना दाल पहुंचाने की तैयारी तेज हो गई है. सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में चना दाल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है. खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के निदेशालय ने इसके लिए ऑनलाइन निविदा जारी कर आपूर्तिकर्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं. इस योजना के दायरे में राज्य के लगभग 66.92 लाख राशन कार्डधारी परिवार आएंगे. अप्रैल 2026 से मार्च 2027 तक चना दाल की आपूर्ति के लिए चयनित एजेंसियों के साथ दर अनुबंध किया जाएगा.
हर महीने एक किलो चना दाल देने का प्रावधान
सरकारी व्यवस्था के अनुसार, पात्र राशन कार्डधारी परिवारों को प्रत्येक महीने एक किलो चना दाल उपलब्ध कराई जानी है. इस सुविधा का लाभ राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (जेएसएफएसएस) के लाभुकों को मिलेगा. इनमें प्राथमिकता प्राप्त परिवार (पीएचएच), अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) और हरा राशन कार्डधारी शामिल हैं. लाभुकों को पीडीएस दुकानों के माध्यम से निर्धारित रियायती दर पर चना दाल दी जाएगी.
66 लाख से अधिक परिवारों को मिलेगा लाभ
आंकड़ों के मुताबिक, झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 5,87,567 परिवार पंजीकृत हैं. इनमें कुल 18,54,015 सदस्य शामिल हैं. वहीं, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत 61,05,156 परिवारों को राशन का लाभ मिल रहा है. इसमें प्राथमिकता प्राप्त परिवारों की संख्या 51,88,089 है, जबकि अंत्योदय अन्न योजना के तहत 9,17,067 परिवार पंजीकृत हैं. दोनों योजनाओं के लाभुकों को मिलाकर करीब 66.92 लाख परिवार चना दाल वितरण व्यवस्था के दायरे में आएंगे.
टेंडर में शामिल होने के लिए 12.82 करोड़ रुपये की ईएमडी
चना दाल आपूर्ति की निविदा में हिस्सा लेने वाले इच्छुक आपूर्तिकर्ताओं को 12,82,75,200 रुपये की अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (ईएमडी) जमा करनी होगी. यह राशि झारखंड ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर ऑनलाइन जमा की जाएगी. आपूर्तिकर्ताओं का चयन ई-टेंडर के बाद ई-रिवर्स ऑक्शन के जरिए किया जाएगा. निविदा के लिए आवेदन और जरूरी दस्तावेज जमा करने की अंतिम तारीख 23 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है. वहीं, 25 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे तकनीकी रूप से प्राप्त निविदाओं को खोला जाएगा. इसके बाद चयनित आपूर्तिकर्ताओं के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए दर अनुबंध किया जाएगा.




