तेजाब डालकर लगायी आग, शटर गिराकर बाहर से जड़ा ताला; जलते हुए नदीम ने बहन को बतायी आखिरी बात
सीवान के सरैया बाजार में अज्ञात अपराधियों ने जनरल स्टोर दुकानदार नदीम अंसारी को तेजाब डालकर जिंदा जला दिया. पटना ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गयी.

JHVP BHARAT NEWS/ SIWAN ACID ATTACK AND MURDER
EDITED BY : PARWEZ ALAM
Siwan News Desk : सीवान में एक जनरल स्टोर संचालक की अपने ही दुकान में जलने से संदिग्ध मौत हो गई है. मामला जीबी नगर थाना क्षेत्र के सरैया बाजार का है. घटना बुधवार की ही है. आज गुरुवार को मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर तरवारा बाजार के पास एनएच-227ए को छह घंटे तक जाम कर दिया.
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अलावल टोला चौकी हसन गांव निवासी 27 वर्षीय नदीम अंसारी के रूप में हुई है. वह बुधवार की शाम सरैया बाजार स्थित अपनी जनरल स्टोर की दुकान में बैठा था. इसी दौरान कथित तौर पर कुछ लोगों ने उसपर तेजाब छिड़ककर आग लगा दी और दुकान में ही बंद कर दिया.
आग की लपटों में घिरे नदीम की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. हालांकि, दुकान का शटर बाहर से बंद होने और ताला लगे होने के कारण उसे बाहर निकालने में परेशानी हुई. इसके बाद स्थानीय लोगों ने ताला तोड़कर नदीम को दुकान से बाहर निकाला और आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया.
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उसे पटना रेफर कर दिया गया. परिजन और स्थानीय लोग उसे लेकर पटना जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. इधर सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया. फिर उसे परिजनों को सौंप दिया.
शव के साथ सड़क पर उतरे लोग
मामले में आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने गुरुवार को एनएच-227ए पर शव रखकर प्रदर्शन किया. इस दौरान लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आवागमन बाधित कर दिया. प्रदर्शन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गयी. इससे राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. करीब छह घंटे तक सड़क जाम रहने से इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.
जाम की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने और जाम समाप्त कराने का प्रयास किया. घटना के बाद सरैया बाजार और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है.
घटना को लेकर मृतक की बहन ने क्या कहा?
मृतक की बहन ने बताया कि घटना शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच की है. उनका भाई दुकान में बैठा था, तभी तीन युवक वहां पहुंचे. रात करीब 8 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई को जला दिया गया है. जब वह मौके पर पहुंचीं तो फायर ब्रिगेड की टीम उनके भाई को लेकर तरवारा जा चुकी थी. इसके बाद वह बाइक से पीछे-पीछे पहुंचीं. वहां से भाई को अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में उन्होंने पूछा कि आखिर किसने ऐसा किया, तो भाई ने सिर्फ इतना कहा कि तीन लोग थे. इसके अलावा वह कुछ नहीं बता सके.
https://x.com/ANI/status/2118317442053402829?a=oJLr9UG0LWr99jq4wLs&s=20
बहन के अनुसार, उनके भाई ने बताया था कि दुकान की चाबी वहीं रह गई है. वह बार-बार जलन होने की बात कह रहे थे और दवा लगाने के लिए कह रहे थे. परिजनों का आरोप है कि दुकान में बैठे उनके भाई पर तेजाब फेंकने के बाद आग लगा दी गई और शटर गिराकर बाहर से ताला बंद कर दिया गया, जिससे वह अंदर ही फंसे रह गए. दुकान के आसपास मौजूद एक महिला को अंदर से आवाज सुनाई दी, जिसके बाद घटना की जानकारी हुई.

